चाऊमिन का बहिष्कार
चाऊमिन का बहिष्कार लॉकडाऊन के चलते फास्टफूड पर महामंदी का असर दुकानों से निकलकर सडक़ों पर दिखाई देने लगा है। देर रात शहर के मशहूर फास्ट फूड कार्नर में शटर डाऊन कर एक आपात बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता समोसे महाराज ने की। बैठक में पिज्जा, बर्गर, इडली, सांभर, डोसा, टिक्की, गोलगप्पे, भटूरा, चाऊमिन व पैकेटबंद रसगुल्लों ने शिरकत की। बैठक में भविष्य को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की जानी थी, क्योंकि मंदी को लेकर सभी दुखी थे। कहने सुनने को बहुत कुछ था। पर समझ नहीं पा रहे थे कि वे अपनी फ्रस्टेशन का टोकरा किसके सिर पर उड़ेलें। न तो चटोरे उपभोक्ताओं की कंजूसी पर शक किया जा सकता है और न सरकार की खामी नज़र आ रही है। बैठक में मूल विषय पर चर्चा करने से पूर्व चाऊमिन की उपस्थिति पर सभी ने कड़ी आपत्ति जता डाली। अधिकांश सम्मानित सदस्यों ने तीखे अंदाज में कहा कि चाऊमिन चाइनिज है। वैश्विक स्तर पर चाइना का विरोध हो रहा है इसलिए इसका पूर्ण बहिष्कार किया जाए। कुछ सदस्यों ने चाऊमिन पर उपभोक्ताओं के साथ अभद्रता से पेश आने के आरोप लगाए तो कुछ ने इसकी शुद्धता पर अनेक सवाल कर ड...