चाऊमिन का बहिष्कार

चाऊमिन का बहिष्कार 

लॉकडाऊन के चलते फास्टफूड पर महामंदी का असर दुकानों से निकलकर सडक़ों पर दिखाई देने लगा है। देर रात शहर के मशहूर फास्ट फूड कार्नर में शटर डाऊन कर एक आपात बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता समोसे महाराज ने की। 
बैठक में पिज्जा, बर्गर, इडली, सांभर, डोसा, टिक्की, गोलगप्पे, भटूरा, चाऊमिन व पैकेटबंद रसगुल्लों ने शिरकत की। बैठक में भविष्य को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की जानी थी, क्योंकि मंदी को लेकर सभी दुखी थे। कहने सुनने को बहुत कुछ था। पर समझ नहीं पा रहे थे कि वे अपनी फ्रस्टेशन का टोकरा किसके सिर  पर उड़ेलें। न तो चटोरे उपभोक्ताओं की कंजूसी पर शक किया जा सकता है और न सरकार की खामी नज़र आ रही है। 
बैठक में मूल विषय पर चर्चा करने से पूर्व चाऊमिन की उपस्थिति पर सभी ने कड़ी आपत्ति जता डाली। अधिकांश सम्मानित सदस्यों ने तीखे अंदाज में कहा कि चाऊमिन चाइनिज है। वैश्विक स्तर पर चाइना का विरोध हो रहा है इसलिए इसका पूर्ण बहिष्कार किया जाए। कुछ सदस्यों ने चाऊमिन पर उपभोक्ताओं के साथ अभद्रता से पेश आने के आरोप लगाए तो कुछ ने इसकी शुद्धता पर अनेक सवाल कर डाले। 
आलू टिक्की ने कहा कि इसके बदन पर कोई ऐसी जगह नहीं जहां एफएसएसआई की मुहर लग जाए, और इनकी शुद्धता प्रमाणित हो सके। ऐसे में इनका होना संदिग्धता दर्शाता है। भटूरे ने कहा कि संपूर्ण चरित्र चाइना का है तो भारत में इनका क्या काम। वैसे भी चाइनिज प्रोडक्ट कुछेक दिन का होता है। उन्होंने कहा एफडीए विभाग की सिफारिश पर गृह मंत्रालय से गुजारिश की जाए कि तत्काल प्रभाव से इनकी नागरिकता निरस्त हो। 
पिज्जा ने सुर में सुर मिलाते हुए कहा- हो सकता है कोरोना के संक्रमण में इनका हाथ हो। अध्यक्ष महोद्य इसकी उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। जितना जल्द दूध का दूध और पानी का पानी होगा, उचित रहेगा वरना कल को उन पर काले हाथ मसले जा सकते हैं। वो इसके बहिष्कार का समर्थन करते हैं। 
गोल गप्पे से चुप न रहा गया। चलते संवाद पर अपनी हवा निकालते हुए कहा- मैं देशवासियों के दिल का राजा यूं ही नहीं हूं। सभी की खट्टी डकार का उपचार करता हूं और पेट की जलन को शांत करता हूं। और ये कमबख्त चाऊमिन। ये न केवल कब्ज देती है बल्कि पेट में लंबे-लंबे कीड़ों का भी उत्पादन करती है। जैसा खाओगे अन्न वैसा होगा मन। अत: इसका बहिष्कार किया जाए। 
बर्गर कई देर से सोच रहा था, अचानक पिज्जा पर पिल पड़ा। बोला- अबे तुम कौनसा भारतवंशी हो। तुम्हारा जन्म 1800 शताब्दी में इटली में हुआ था। यह ठीक है कि तुम्हारी उस वक्त की पीढ़ी चरित्रवान थी व गुणवान थी लेकिन आज क्या हो? अपने गिरेबान में झांककर देख लो। अगर कोई एक बार तुम्हारी प्रीपरेशन देख ले तो कोई नाम भी न ले, सेवन की तो बात ही दूर है। गूगल पर सर्च मारकर देखलो। तुम्हारे खाने से कितने भयंकर रोग होते हैं। दुर्भाग्य है कि इस देश की युवा पीढ़ी तुम्हारी गिरफ्त में है। 
डोसा, इडली व सांभर आराम से बैठे थे। वे बंगाल की खाड़ी व अरब सागर की शांति की तरह शांत थे और अध्यक्ष महोद्य की ओर निहार रहे थे। नारियल की चटनी उनके साथ वाली कुर्सी पर ठाठ से इठला  रही थी। 
पैकेटबंद रसगुल्ले बोलने की स्थिति में नहीं थे। बैठक में उपस्थित सदस्यों को पता था कि इन रसगुल्लों का अपना कोई अस्तित्व नहीं है। रसायनयुक्त जीवनरक्षक घोल मेें पड़े रहते हैं। डिब्बा खुल जाए तो जान निकल जाती है। ज्यादा देर नहीं टिकते। ऐसों से सार्थक बहस की उम्मीद कैसी? 
आरोप पर आरोप झेल रही चाऊमिन समोसे की ओर मुखातिब होते हुए बोली- अध्यक्ष महोद्य मुझको बेवजह इस इस बैठक में घसीटा जा रहा है। मेरा बदन लंबा है, उसे और खींचा जा रहा है। यह उनके साथ नाइन्साफी है। मैं खुद किसी के पेट में नहीं जाती। मुझे गोल-गोल और नरम-नरम होंठों से खींचा जाता है तो ही गति पकड़ती हूं। इस प्रक्रिया में भद्र लगे या अभद्र यह तो सेवन करने वाले पर निर्भर करता है। 
वह बोली- अध्यक्ष महोद्य मैं इस पंचायती सदन में स्पष्ट कर देना चाहती हूं कि मैं विदेशी नहीं हूं, जैसा कि नाम के अनुरूप प्रचारित किया जा रहा है। मैं मैगी हूं, और स्वदेशी हूं। स्वदेशी का नारा देने वाले बाबा जी भी मेरा प्रचार करते हैं। अब कोई चाऊमिन कहकर पुकारे तो इसमें मैं क्या कर सकती हूं। मुझे मैगी कहा जाए। भारत में मैगी और चीन में चाऊमिन। रही बात नागरिकता की तो मैं इसे सिद्ध करने के लिए आधार कार्ड, वोटर कार्ड व राशनकार्ड आपके सम्मुख प्रस्तुत कर सकती हूं। मेरे पास सबकुछ है।
अध्यक्ष जी ने उनकी बात सुनी और बोले- चाऊमिन मैडम, करोना की वजह से चाइना, उससे मिलते जुलते नाम और उसके प्रोडक्ट पूरी तरह से बदनाम हो चुके हैं। बेहतर होगा आप कवारंटाइन में चली जाएं। वरना कुछ भी हो सकता है। कृपा आप तशरीफ ले जाएं और हमें अपनी लोकप्रिय मार्केट के बारे में चिंतन करने दें।  

--मनोज प्रभाकर, वरिष्ठ पत्रकार रोहतक 9813617360

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

कोरोनिल को घर में घुसकर मारा

टेंशन में भगवान